
नर्मदापुरम / नगरपालिका परिषद में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई नागरिकों के लिए राहत भरी साबित हो रही है। प्रति गुरुवार को आयोजित होने वाली इस जनसुनवाई में शहरवासी अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाकर प्रसन्न नजर आ रहे हैं। नगरपालिका कार्यालय में नपाध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख ने संयुक्त रूप से जनसुनवाई की कमान संभाली और नागरिकों की दैनिक जीवन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना।
प्रमुख रूप से आए ये आवेदन……
जनसुनवाई के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों से नागरिक अपनी शिकायतें और मांगें लेकर पहुंचे। जिनमें नाली निर्माण कार्य, नया टैक्स प्रारंभ करने संबंधी प्रक्रिया, राशन कार्ड से नाम समर्पण (विलोपन) करने हेतु आवेदन, प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी और आवेदन शामिल रहे। नपाध्यक्ष और सीएमओ ने सभी आवेदनों का बारीकी से अवलोकन किया। जहां मौके पर समाधान संभव था। वहीं जिन मामलों में जांच की आवश्यकता थी, उन्हें संबंधित शाखाओं को त्वरित कार्रवाई के लिए अग्रेषित कर दिया गया।
अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश…….
सुनवाई के दौरान नपाध्यक्ष नीतू यादव और सीएमओ वैभव देशमुख ने नगरपालिका के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक आवेदन पर पूरी संवेदनशीलता और तेजी से कार्रवाई की जाए। साथ ही, आवेदकों को उनके प्रकरण पर की गई कार्रवाई की प्रगति से समय पर अवगत कराने के भी निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान उपयंत्री मुकेश जैन, दीक्षा तिवारी, आयुषी रिछारिया, रीना गुप्ता, मुनेंद्र पांडेय, स्वच्छ भारत अभियान प्रभारी अधिकारी अनुराग तिवारी और कार्यालय अधीक्षक योगेश सोनी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

