
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा में शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व में दिए गए ज्ञापन के बाद आज कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी चौक से लेकर मार्ग में पड़े कचरे को एकत्रित किया और उसे लेकर नगरपालिका कार्यालय पहुंचे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरपालिका पहुंचकर नगरपालिका सीएमओ को नगर से एकत्रित किया हुआ कचरा भेंट कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नगरपालिका परिसर के बाहर बैठ गए और “रघुपति राघव राजा राम” का भजन गाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता दीपक दीक्षित ने कहा कि शहर में सफाई कर्मचारियों एवं वाहनों की कमी के कारण जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं। पूर्व में भी प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया था, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण कांग्रेस पार्टी को विरोध प्रदर्शन करना पड़ा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के नाम पर नगर की जनता से टैक्स की वसूली की जा रही है, लेकिन सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं है। ऐसी स्थिति में नगर की जनता से लिया जा रहा सफाई टैक्स माफ किया जाना चाहिए।
वहीं ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीण रघुवंशी एवं अजय सिंह भाटी ने कहा कि भाजपा के चुने हुए जनप्रतिनिधियों को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए, लेकिन वही जनप्रतिनिधि अपनी ही नगरपालिका में ज्ञापन देने को मजबूर हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति बताया।
कांग्रेस नेता समित पटेल एवं सुदेश शर्मा ने शहर में जलभराव की समस्या और मच्छरों से बचाव के लिए पर्याप्त दवाई का छिड़काव नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल सफाई एवं दवा छिड़काव कराने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान नगरपालिका सीएमओ ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि 10 अक्टूबर तक शहर की सफाई व्यवस्था में आवश्यक सुधार कर दिया जाएगा। सीएमओ के आश्वासन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।
कांग्रेस पार्टी ने स्पष्ट कहा कि यदि निर्धारित समय-सीमा में शहर की सफाई व्यवस्था में आवश्यक सुधार नहीं किया गया तो चरणबद्ध आंदोलन आगे भी जारी रहेगा
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकेश रघुवंशी, रत्नेश रघुवंशी, रामशंकर गौर, ऋषभ पालीवाल, हैरिसन स्वामी, बबलू नागेश्वर, बसंत रघुवंशी, ब्रजेश सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

