
नर्मदापुरम / ग्राम डोलरिया, तहसील डोलरिया, जिला नर्मदापुरम (मध्यप्रदेश) की निवासी श्रीमती आरती जितेंद्र सिंह राजपूत को नर्मदापुरम जिले की भारतीय किसान संघ की महिला आयाम की प्रथम महिला कार्यकर्ता एवं संयोजिका, को पशुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय महिला किसान कार्यकर्ता सम्मेलन में श्रीमती आरती जितेंद्र सिंह राजपूत को पशुपालन के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। विशेष बात यह रही कि मध्यप्रदेश से पशुपालन के क्षेत्र में यह एकमात्र पुरस्कार श्रीमती आरती जितेंद्र सिंह राजपूत को प्रदान किया गया, जिससे नर्मदापुरम जिले के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ा है। श्रीमती आरती जितेंद्र सिंह राजपूत ग्राम डोलरिया स्थित श्री आनंदी शंकर गौशाला से जुड़ी हुई हैं तथा जिंदगी जनकल्याण शिक्षण समिति की संचालक हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र में पशुपालन, गौशाला संचालन तथा पशुपालन से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
नर्मदापुरम जिले में भारतीय किसान संघ के महिला आयाम की नींव रखने वाली प्रथम महिला कार्यकर्ता के रूप में भी श्रीमती आरती राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ग्रामीण महिलाओं को संगठन से जोड़ने तथा उन्हें पशुपालन एवं ग्रामीण विकास के कार्यों के लिए प्रेरित करने में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
राष्ट्रीय मंच पर मिले इस सम्मान से ग्राम डोलरिया, नर्मदापुरम जिले और मध्यप्रदेश की महिला कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्र में कार्य कर रही महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है और यह संदेश देती है कि समर्पण एवं निरंतर प्रयास से ग्रामीण स्तर पर किए गए कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिल सकती है।

