
नर्मदापुरम / नगर में आवारा और निराश्रित घूम रहे मवेशियों के खिलाफ नगर पालिका का हाका दल पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। नपाध्यक्ष नीतू यादव और मुख्य नगरपालिका अधिकारी वैभव देशमुख के निर्देशन में शहर को आवारा पशुओं से मुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में हाका दल प्रभारी गगन सोनी के नेतृत्व में दल ने वार्ड-29 सिंधी कॉलोनी, संजय नगर, पंचवटी परिसर और पहाड़िया क्षेत्रों से कार्रवाई करते हुए लगभग 34 निराश्रित मवेशियों को पकड़ा। इन सभी मवेशियों को सुरक्षित रूप से केंद्रीय जेल स्थित गोशाला में भिजवाया गया। इस दौरान सड़क पर अपने पशुओं को खुला छोड़ने वाले दो लापरवाह पशुपालकों पर 1000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया तथा भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी के साथ समझाइश भी दी गई।
पशुपालकों से विशेष अपील
नपाध्यक्ष नीतू यादव ने शहर के सभी पशुपालकों से आग्रह किया है कि वे अपने मवेशियों को सड़कों पर खुला न छोड़ें, बल्कि उन्हें अपने घरों या बाड़ों में बांधकर रखें। मवेशियों के सड़क पर घूमने से यातायात बाधित होता है और कई बार वे सड़क दुर्घटनाओं का शिकार होकर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।

