

नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के आदेशानुसार एवं जिला आबकारी अधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद द्विवेदी के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
विभाग द्वारा गुरूवार 17 सितम्बर 2026 को जिले के सभी व्रत क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कुल 6 प्रकरण कायम किए गए। कार्यवाही में मौके से 20 लीटर कच्ची हाथ भट्टी मदिरा एवं 220 किलोग्राम महुआ लहान जब्त किया गया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 26,900 रुपये आंकी गई है।
इसके अतिरिक्त जिले की शासकीय मदिरा दुकानों का निरीक्षण कर नियमानुसार संचालन न पाए जाने पर 9 विभागीय प्रकरण भी कायम किए गए हैं। उक्त कार्यवाही में आबकारी विभाग के कार्यपालिक स्टाफ में सहायक जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी उपनिरीक्षकों, मुख्य आरक्षकों एवं आरक्षकों का योगदान रहा।
जिला आबकारी अधिकारी डॉ. द्विवेदी ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

