
नर्मदापुरम / 10 सितंबर 2026 सेवा भारती, जिला नर्मदापुरम डोलरिया बस्ती तालाब के किनारे द्वारा शुक्रवार सुपोषण जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में विभाग समन्वय शिवप्रताप सिंह, शिक्षिका श्रीमती साक्षी कटारे उपस्थित रहे ।
सुपोषण पर विशेष उद्बोधन…..
वक्ताओं ने कहा कि सुपोषण का अर्थ केवल पेट भरना नहीं, बल्कि शरीर को सही मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, खनिज और ऊर्जा देना है। आज भी हमारे समाज में जानकारी के अभाव में कुपोषण की समस्या बनी हुई है, जिसका सीधा असर माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ता है।
1. गर्भवती माताओं के लिए हरी सब्जी, दाल, दूध, फल और आयरन युक्त आहार अति आवश्यक है।
2. 0 से 5 वर्ष के बच्चों में पहले 1000 दिन (गर्भ से 2 वर्ष तक) सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। इस समय स्तनपान और घर का बना पौष्टिक आहार ही बच्चे का भविष्य तय करता है।
3. दैनिक जीवन में जंक फूड से बचकर मोटा अनाज, अंकुरित अनाज एवं मौसमी फलों को अपनाना चाहिए।
4. पोषण के साथ-साथ स्वच्छता, साफ पानी और हाथ धोने की आदत भी सुपोषण का ही हिस्सा है।
सेवा भारती का संकल्प है – सुपोषित माँ, सुपोषित बच्चा, सशक्त भारत।_ इस अभियान के माध्यम से बस्ती-बस्ती जाकर माताओं-बहनों को जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय मातृशक्ति, कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

