



नर्मदापुरम / यूनियन बैंक के कर्मचारी बैंक परिसर के बाहर एकत्रित हुए और केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में जमकर नारे लगाए। कर्मचारियों ने बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता दिखाई।
5-डे बैंकिंग लागू करने सहित प्रमुख मांगें….
बैंक कर्मचारी संगठनों की प्रमुख मांगों में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सरकार की नई परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) व्यवस्था को वापस लेना अथवा यूनियनों के साथ द्विपक्षीय चर्चा कर उसमें संशोधन करना शामिल है। इसके अलावा लंबित कर्मचारी मुद्दों का समाधान, पर्याप्त कर्मचारियों की भर्ती, पेंशन अपडेट, समान डीए व्यवस्था तथा एनपीएस से जुड़े कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था का विकल्प देने जैसी मांगें भी उठाई जा रही हैं।
अन्य बैंकों में भी रहा असर…
नर्मदापुरम शहर के अन्य बैंकों में भी विभिन्न कर्मचारी संगठनों से जुड़े कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। हड़ताल के चलते बैंक शाखाओं में सामान्य कामकाज प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर सरकार और बैंक प्रबंधन से चर्चा की जा रही है, लेकिन ठोस समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।
बैंक कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा।

