
नर्मदापुरम / सिवनी मालवा थाना अंतर्गत सरकारी आईटीआई में नवागत प्राचार्य के साथ प्रशिक्षण अधिकारी ने गाली गलौज कर मारपीट की । पुलिस ने फरियादी प्राचार्य की रिपोर्ट पर संस्थान के प्रशिक्षण अधिकारी के खिलाफ मामला दर्ज कर कारवाई की है। बताया गया कि बैतूल जिले से ट्रांसफर होकर आए नवागत प्राचार्य टेकचंद मेसराम ने घटना के दिन ही आई टीआई में प्राचार्य का पदभार ग्रहण किया था। इस दौरान वे अपने अधीनस्थ अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ संस्थान का निरीक्षण कर रहे थे। तभी छात्रावास में कार्यरत प्रशिक्षण अधिकारी गुरुदत्त गौड़ उन्हें नशे की हालत में दिखाई दिए। प्राचार्य ने उन्हें समझाइश देते हुए कहा कि वे छात्रावास में आराम करें और इस स्थिति में विद्यार्थियों के बीच न जाएं। तदोपरांत गुरुदत्त गौड़ को प्राचार्य की यह बात रास नहीं आई और वे हाथ में डंडा लेकर प्राचार्य को मारने उनके कार्यालय में पहुंचे और गाली गलौज करने लगे। इस दौरान उन्होंने प्राचार्य पर डंडे से हमला करने का प्रयास किया। तभी वहां पर पास खड़े कर्मचारी शुभम गौर को यह डंडा लग गया। पुलिस ने बताया कि प्राचार्य की शिकायत पर प्रशिक्षण अधिकारी गुरुदत्त गौड़ के खिलाफ अपराध क्रमांक 614/26 धारा 296(बी)115(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया है।

