
नर्मदापुरम / नगर में बढ़ती नशाखोरी और शराब की कथित अवैध बिक्री के विरोध में सर्व हिंदू समाज एवं विभिन्न हिंदू संगठनों की संयुक्त बैठक गुरुवार, 10 सितंबर की रात 8 बजे रामजी बाबा धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक में शहर में नशे के बढ़ते प्रभाव को लेकर विस्तार से विचार-मंथन किया गया।
बैठक में विशेष रूप से सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के सामने शराब बिक्री का मुद्दा उठाया गया। उपस्थित पदाधिकारियों और नागरिकों ने इस पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र ही एक बड़ी रैली निकालकर प्रशासन को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि विद्यालय के आसपास इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों और युवाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती हैं, इसलिए प्रशासन को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, संघ से नितेश खंडेलवाल, आशीष गुप्ता, संदीप रावत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय बजरंग दल से जिला अध्यक्ष श्री गौड़, धीरज चौक, आदित्य दुबे तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से यशराज सनकत, यश भटनागर, अनुज चौरे, पीयूष सहित अन्य कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।
इसके अलावा हिंदू समाज के गणमान्य नागरिक डॉ. मोटवानी, राजेश पाराशर, हेमंत सरस्वत सहित अनेक लोगों ने बैठक में हिस्सा लेकर नशाखोरी के विरुद्ध अपने विचार रखे।
सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि नगर में बढ़ते नशे के प्रभाव को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। सेठ गुरु प्रसाद स्कूल के सामने कथित रूप से हो रही शराब बिक्री के विरोध में जल्द ही बड़ी रैली निकालकर प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

