
नर्मदापुरम / नगर पालिका परिषद द्वारा शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वास्थ्यप्रद बनाए रखने की दिशा में गुरुवार को एक बड़ा कदम उठाया गया। नपाध्यक्ष नीतू यादव एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी वैभव देशमुख के कुशल निर्देशन में शहर भर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान नपा का सफाई अमला शहर के कोने-कोने में पहुंचा और युद्ध स्तर पर सफाई व्यवस्था को अंजाम दिया।
बाजार क्षेत्र में जेसीबी से साफ हुआ कचरे का ढेर….
स्वच्छ भारत अभियान के नोडल अधिकारी अनुराग तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बाजार क्षेत्र में पॉलीथिन, पाउच और अन्य अवांछित कचरा जमा हो गया था। इसे हटाने के लिए विशेष रूप से जेसीबी मशीनों और अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद ली गई। अभियान के तहत भारी मात्रा में एकत्रित किए गए अपशिष्ट पदार्थ और कचरे को नपा के वाहनों के माध्यम से सीधे ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजा गया। दिन भर सड़कों पर दौड़ते कचरा वाहनों से पूरे नगर में स्वच्छता का नया माहौल नजर आया।
व्यापारियों ने जताया नपाध्यक्ष और सीएमओ का आभार…
बाजार क्षेत्र सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों की गंदगी साफ होने पर स्थानीय व्यापारियों व आमजन में भारी उत्साह देखा गया। अभियान की सफलता और त्वरित कार्रवाई से गदगद व्यापारीगणों ने नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव और सीएमओ वैभव देशमुख का सहृदय आभार व्यक्त किया।
निरंतर जारी रहेगा सफाई का महाअभियान….
नोडल अधिकारी श्री तिवारी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नगर में नियमित रूप से इसी तरह की सघन सफाई व्यवस्था बनी रहेगी। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से भी अपील की है कि वे सड़कों पर कचरा न फेंकें और नगर को स्वच्छ बनाए रखने में अपना सहयोग दें।

