
नर्मदापुरम / दिनांक 21.02.2026 को फरियादिया जशवती यादव ने थाना माखननगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्ति द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से संपर्क कर सोने के गहने भेजने एवं कस्टम संबंधी प्रक्रिया के नाम पर उनसे कुल ₹1,29,000/- जमा करवाकर धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना माखननगर में अपराध क्रमांक 129/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सोहागपुर अरविन्द शाह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माखननगर निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी एवं अन्य संकलित साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम द्वारा राजस्थान के जयपुर एवं जैसलमेर में कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप पिता तेजराम मीना, उम्र 24 वर्ष, निवासी चाकसू, राजस्थान तथा हीरसिंह पिता बगतसिंह राजपुरोहित, उम्र 26 वर्ष, निवासी जैसलमेर, राजस्थान को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों द्वारा फरियादिया से कस्टम फ्रॉड के नाम पर जमा कराई गई राशि प्राप्त करना स्वीकार किया गया। प्रकरण में आरोपियों से साइबर ठगी की ₹1,29,000/- की राशि जब्त की गई है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्यवाही में सराहनीय भूमिका थाना प्रभारी निरीक्षक कंचन सिंह ठाकुर एवं उपनिरीक्षक आकाशदीप पचाया, प्रधान आरक्षक दिलीप चौरे, आरक्षक मनीष कपाले एवं आरक्षक शुभम राय, साइबर सेल से आर. प्रशांत राजपूत, संदीप यदुवंशी, सागर कुशवाहा की रही।

