नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत आज दिनांक 10 सितंबर 2026 को साइबर सुरक्षा, जेंडर इक्वलिटी, बाल सुरक्षा एवं बाल विवाह मुक्त भारत विषय पर शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नर्मदापुरम में संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम संभाग, सतीश मौर्य प्राचार्य शासकीय आईटीआई नर्मदापुरम, श्रीमती प्रीति यादव परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम शहरी, बंशज श्रीवास्तव एस.आई.नर्मदापुरम, श्रीमती प्रतिभा वाजपेयी प्रशासक वन स्टॉप सेंटर, मयंक तोमर ब्रांड एंबेसडर सर्व शिक्षा अभियान एवं सागर तिवारी, उदयन खरे संस्था भोपाल एवं शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में अध्यनरत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
बालक-बालिका एक समानता एवं आत्मनिर्भरता पर जोर—-
श्रीमती तृप्ति त्रिपाठी संभागीय संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम संभाग द्वारा जिले के लिंगानुपात की जानकारी देते हुए प्रतिभागियो को हर क्षेत्र में बालक-बालिकाओ को समान अवसर प्रदान करने एवं आत्मनिर्भर बनने की बात कही उन्होने समाज में बालिका सशक्तिकरण हेतु सकारात्मक वातावरण निर्माण में सभी के सहयोग की अपेक्षाए की एवं शासन द्वारा महिला एवं बालिका हितैषी योजनाओ- लाडली लक्ष्मी योजना लाडली बहना योजना गांव की बेटी योजना जैसे बहुउददेश्यीय योजनाओ के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डिजिटल सशक्तिकरण के लिए लैंगिक समानता जरूरी….
प्रशिक्षण सत्र के पहले चरण में विषय विशेषज्ञ सागर तिवारी उदयन केयर संस्थान भोपाल ने समाज और कार्यस्थल पर लैंगिक समानता के महत्व पर प्रकाश डाला। मुख्य वक्ता ने कहा कि महिलाओं, पुरुषों और अन्य सभी विधाओं को समान अवसर और सुरक्षित वातावरण देना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक समाज में जेंडर आधारित भेदभाव खत्म नहीं होगा, तब तक एक स्वस्थ और प्रगतिशील समाज की कल्पना अधूरी है। इस संबंध में विस्तार से पीपीटी के माध्यम से उपस्थित प्रतिभागियो को विस्तार से जानकारी दी गयी।
साइबर सुरक्षा के गुर और कानूनी अधिकार….
दूसरे सत्र में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ बंशज श्रीवास्तव एस.आई. नर्मदापुरम ने डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी। वर्तमान समय में सोशल मीडिया, ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर बुलिंग (Cyber Bullying) जैसी बढ़ती घटनाओं को देखते हुए प्रतिभागियों को मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) लागू करने और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी गई। इसके अलावा, महिलाओं के खिलाफ होने वाले साइबर अपराधों (जैसे- स्टॉकिंग, ब्लैकमेलिंग) से निपटने के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (cybercrime.gov.in) के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
श्री मयंक तोमर द्वारा सर्वशिक्षा अभियान के तहत शिक्षा के अधिकार के बारे में विस्तार से जानकारी दी गयी । कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा बाजपेयी प्रशासक वन स्टाप सेटंर नर्मदापुरम एवं आभार प्रदर्शन श्रीमती प्रीति यादव परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास नर्मदापुरम ग्रामीण् द्वारा किया गया।

