

नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को सही दिशा देने तथा उन्हें करियर के बदलते अवसरों से परिचित कराने के उद्देश्य से दिनांक 10/09/26 को विद्यार्थियों के लिए विशेष करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का संचालन भोपाल के अनुभवी करियर काउंसलर अपूर्व वैष्णव ने किया। सत्र के दौरान अपूर्व वैष्णव ने विद्यार्थियों को विभिन्न पारंपरिक एवं आधुनिक करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा की संभावनाओं तथा विषय एवं क्षेत्र के सही चयन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की करियर संबंधी जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान करते हुए बताया कि आज के समय में करियर के अनेक नए अवसर उपलब्ध हैं। इसलिए विद्यार्थियों को किसी भी क्षेत्र का चयन दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता, व्यक्तित्व और अभिरुचि के आधार पर करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी समझाया कि प्रत्येक क्षेत्र में सफलता की संभावनाएँ मौजूद हैं। सही जानकारी, निरंतर प्रयास, कौशल विकास, आत्मविश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप नई तकनीकों एवं आवश्यक कौशलों से स्वयं को अपडेट रखने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर डायरेक्टर डॉ. आशीष चटर्जी ने कहा, “विद्यार्थी जीवन में सही समय पर मिला मार्गदर्शन भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। हमारा उद्देश्य है कि प्रत्येक विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और रुचि को पहचानकर अपने लिए उपयुक्त करियर का चयन करे और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़े। ”एवं प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने कहा, “करियर का चुनाव केवल एक विषय या पेशे का चुनाव नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं का चुनाव है। विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने, सही जानकारी प्राप्त करने और सोच-समझकर निर्णय लेने के लिए ऐसे मार्गदर्शन सत्रों का लाभ उठाना चाहिए।”
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर क्षेत्रों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। संवादात्मक एवं ज्ञानवर्धक वातावरण में आयोजित इस सत्र से विद्यार्थियों को अपने भविष्य की संभावनाओं को समझने और करियर संबंधी निर्णय लेने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में विद्यालय की जनरल मैनेजर श्रीमती सोनल सोखी, वाइस प्रिंसिपल श्रीमती लक्ष्मी पलोहिया सहित शिक्षकगण उपस्थित रहे। विद्यालय परिवार ने इस उपयोगी पहल को विद्यार्थियों के उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

