

नर्मदापुरम / सिवनी मालवा / कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देशों के अनुपालन में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा विजय राय के नेतृत्व में अनुविभाग क्षेत्र में अवैध खनिज उत्खनन एवं अवैध परिवहन के विरुद्ध राजस्व, खनिज तथा पुलिस विभाग का संयुक्त अभियान पूरी सख्ती के साथ संचालित किया जा रहा है। सिवनी मालवा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों, विशेषकर नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों के निवासियों द्वारा अवैध रेत उत्खनन से उत्पन्न समस्याओं को लेकर प्रशासन को लगातार ज्ञापन एवं शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। ग्रामीणों से प्राप्त इन ज्ञापनों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी विजय राय द्वारा राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग की संयुक्त टीम गठित कर सख्त दंडात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
अनुविभागीय अधिकारी के निर्देशों के क्रम में संयुक्त टीम द्वारा नर्मदा नदी के तटीय क्षेत्रों में औचक छापामार कार्यवाही की गई। इसके अंतर्गत दिनांक 08 सितम्बर 2026 को ग्राम बाबरी एवं पठाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रेत उत्खनन में प्रयुक्त पंडुब्बी की 11 मोटरें जप्त की गईं। कार्यवाहियों की निरंतरता बनाए रखते हुए अगले ही दिन दिनांक 09 सितम्बर 2026 को टीम द्वारा ग्राम बाबरी घाट पर पुनः औचक छापामार कार्यवाही कर पंडुब्बी की 09 और मोटरें जप्त की गईं। इस प्रकार प्रशासन द्वारा दो दिनों मे कुल 20 मोटरों को जप्त कर अवैध उत्खननकर्ताओं के खिलाफ सख्त दंडात्मक कदम उठाए गए हैं।
जप्त की गई सभी 20 मोटरों को खनिज अधिनियमों एवं वैधानिक धाराओं के तहत जप्त कर आगामी कानूनी कार्यवाही हेतु तत्काल पुलिस थाना शिवपुर की सुरक्षित अभिरक्षा में सुपुर्द कर दिया गया है। कार्यवाही के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार शिवपुर हीरू कुमरे, नायब तहसीलदार आलोक भद्र, राजस्व निरीक्षक तोप सिंह राजपूत, पटवारी राकेश मरकाम, खनि निरीक्षक बसंत कुमार पाटिल तथा पुलिस थाना शिवपुर का पुलिस बल प्रत्यक्ष रूप से तैनात रहा।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सिवनी मालवा विजय राय ने स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों के हितों की सुरक्षा तथा प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन को रोकने के लिए क्षेत्र में अवैध उत्खनन एवं परिवहन में लिप्त तत्वों के विरुद्ध यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

