
नर्मदापुरम / शहर के प्रमुख और कथित वीआईपी मार्गों में शामिल कलेक्टर कार्यालय रोड से गर्ल्स स्कूल होते हुए मोरछली चौक तक की सड़क इन दिनों बदहाली की तस्वीर बनी हुई है। सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों के साथ पूरे मार्ग पर धूल की मोटी परत जमा है। वाहनों के गुजरते ही धूल के गुबार उठ रहे हैं, जिससे पैदल राहगीरों, ऑटो चालकों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सबसे गंभीर स्थिति सुबह और दोपहर के समय दिखाई देती है। स्कूल जाने और छुट्टी के समय बड़ी संख्या में बच्चे इसी मार्ग से गुजरते हैं। वाहनों के निकलने से उड़ने वाली मिट्टी सीधे बच्चों की आंखों में जा रही है, जिससे आंखों में जलन और परेशानी की शिकायत सामने आ रही है। वहीं सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले बुजुर्ग भी धूल और गड्ढों के कारण परेशान हैं।
वीआईपी मार्ग होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग मौन….
यह मार्ग सामान्य सड़क नहीं, बल्कि शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। इसी क्षेत्र में कलेक्टर और एसपी कार्यालय की आवाजाही रहती है। सांसद दर्शन सिंह चौधरी का कार्यालय और विधायक सीताशरण शर्मा का कार्यालय भी इसी क्षेत्र में स्थित है। इसके बावजूद सड़क की हालत पर जिम्मेदार विभाग की चुप्पी सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब शहर के प्रमुख जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की आवाजाही वाले मार्ग की यह स्थिति है, तो शहर के अन्य हिस्सों की सड़कों का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। सड़क के गड्ढों की मरम्मत और उड़ती धूल को रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव तक नहीं हो रहा है।

