
नर्मदापुरम / जिले में संपत्ति खरीद-फरोख्त के नाम पर धोखाधड़ी, राजनीतिक संरक्षण और प्रताड़ना का गंभीर मामला सामने आया है। सिवनी मालवा निवासी पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक साईकृष्णा एस. थोटा को शिकायती आवेदन सौंपकर धोखाधड़ी करने वाली महिला और उसे संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रजिस्टर्ड अनुबंध और कब्जे के बाद भी रजिस्ट्री में टालमटोल सिवनी मालवा के बदामीलाल निवासी दीपक धन्यासे के अनुसार, उन्होंने उसी वार्ड की सीमा यदुवंशी पति नर्मदा प्रसाद यदुवंशी के साथ मकान का विधिवत सौदा किया था। बकायदा रजिस्टर्ड सौदा चिट्ठी बयाना अनुबंधनिष्पादित कर तय राशि का भुगतान किया गया। महिला की पूर्ण सहमति के बाद वर्ष 2023 में पीड़ित परिवार को मकान का कब्जा सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद से परिवार वहीं निवास कर रहा है। आरोप है कि पूरा लेन-देन पूरा होने के बावजूद महिला अब रजिस्ट्री कराने से मुकर रही है और लगातार नए बहाने बनाकर टालमटोल कर रही है।
धमकियां और किसान नेता के संरक्षण का आरोप…
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब भी रजिस्ट्री कराने का दबाव बनाया जाता है, तो महिला और उसके सहयोगी अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकियां देते हैं। पीड़ित का कहना है कि उक्त महिला को स्थानीय किसान नेता रामेश्वर जाट का खुला संरक्षण प्राप्त है। इसी राजनीतिक और सामाजिक रसूख के चलते स्थानीय स्तर पर महिला के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सीएम हेल्पलाइन बेअसर, जनसुनवाई के जरिए एसपी तक पहुंचा मामला पीड़ित परिवार ने बताया कि न्याय पाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन हर बार मामला ढाक के तीन पात साबित हुआ। स्थानीय प्रशासन से निराश होकर पीड़ित ने कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसे अग्रिम कार्रवाई हेतु एसपी नर्मदापुरम को भेजा गया।
आदतन धोखाधड़ी का दावा…
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी महिला के खिलाफ न्यायालय में पहले से ही लेन-देन और छल-कपट के करीब 5 से 6 मामले विचाराधीन हैं। पीड़ित ने भुगतान की बैंक रसीदें, अनुबंध पत्र और पूर्व शिकायतों की प्रतियां पुलिस अधीक्षक को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित न्याय और सुरक्षा की मांग की है।

