जनता के समन्वित प्रयासों से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है – पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा
शहर की सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी – एएसपी अभिषेक राजन
शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस सहयोग करें- एसडीओपी श्री पाठक
दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
अपराधों की रोकथाम संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी एवं शहर की सुरक्षा व्यवस्था की और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा जनसहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में समाजसेवियों एवं नागरिकों के सहयोग से शहर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर कुल 38 सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए। यह कैमरे इंदिरा चौक, एस.पी.एम. पुलिया, रविशंकर मार्केट, बसंत टॉकीज तिराहा, अमर चौक, लश्कर चौक, बंगाली कॉलोनी, बस स्टैंड, साईनाथ एस.टी. डी. आनंद नगर, सर्किट हाउस चौराहा एवं राम जानकी मंदिर सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर सतत निगरानी रखी जा रही है, जिससे अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान तथा घटनाओं के त्वरित खुलासे में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिल रही है।
एसपी ने व्यापारियों को किया सम्मानित
इस जनहितकारी पहल के अंतर्गत सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में मिलन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने में सहयोग प्रदान करने वाले समाजसेवियों एवं संस्थाओं को पुलिस की ओर से सम्मानित किया गया। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक, थाना प्रभारी गौरव बुंदेला, थाना प्रभारी उषा मरावी, रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल सहित अनेक व्यापारी, शिक्षाविद और समाज सेवी मौजूद थे। इस महत्वपूर्ण पहल में श्रीमती नीरजा फौजदार, अशोक जमनानी, रामचंद्र मूलचंदानी , मनोहर बड़ानी, चैम्प्स फन स्कूल आशुतोष शर्मा, प्रणाली इनोवेटिव, साधु वासवानी स्कूल, मनोज भदौरिया एवं राजू जमनानी द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया।
प्रतिष्ठानों एवं आवश्यक सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करवाएं सीसीटीवी
पुलिस द्वारा सभी सहयोग कर्ताओं के सामाजिक सरोकार एवं शहर की सुरक्षा के प्रति उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्णा एस. थोटा ने कहा कि पुलिस एवं जनता के समन्वित प्रयासों से ही अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की पहचान, घटनाओं की निगरानी, विवेचना तथा अपराधों के त्वरित खुलासे में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन एवं एसडीओपी जितेन्द्र पाठक ने भी सहयोगी समाजसेवियों एवं संस्थाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शहर की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में पुलिस सहयोग करें, अपने प्रतिष्ठानों एवं आवश्यक सार्वजनिक स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

