दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शिक्षक दिवस के अवसर पर रविवार को नेहरू पार्क में आयोजित साप्ताहिक संगीत कार्यक्रम ‘सुरीला नर्मदापुरम’ का मंच गुरुजनों और भारतीय संस्कृति को समर्पित रहा। कार्यक्रम में कलाकारों ने शिक्षक दिवस एवं गुरुजनों के सम्मान में समर्पित गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भावपूर्ण बना दिया। नर्मदापुर युवा मंडल के ‘सुरीला नर्मदापुरम’ परिवार द्वारा सनातन धर्म एवं भारतीय संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार में निरंतर योगदान देने वाले नगर के कथा व्यास एवं मंदिर पुजारियों को ‘संस्कृति गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। सम्मानित गुरुजनों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया तथा सम्मान पत्र प्रदान कर पुष्प वर्षा की गई। नर्मदापुर युवा मंडल के अध्यक्ष डॉ. अखिलेश खंडेलवाल ने कहा कि गुरु का सम्मान केवल किसी व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि संस्कार, ज्ञान और हमारी समृद्ध परंपराओं का सम्मान है। भारतीय संस्कृति की पहचान हमारी परंपराओं, संस्कारों और गुरु-शिष्य की महान परंपरा से है। गुरुजनों के सम्मान के साथ ‘सुरीला नर्मदापुरम’ का यह आयोजन भारतीय संस्कृति और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान का संदेश देने वाला रहा। कार्यक्रम का संचालन मनीष परदेशी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दीपक केवट द्वारा किया गया।
इन गुरुजनों को मिला ‘संस्कृति गौरव सम्मान’
कार्यक्रम के दौरान पंडित अजय दुबे, पंडित सुनील भार्गव, पंडित अभिलाष शर्मा, पंडित राजेंद्र पुरोहित, पंडित तरुण तिवारी, पंडित सत्यम दीवान, पंडित उमाशंकर पाठक, पंडित स्पर्श तिवारी, पंडित नीरजेश त्रिपाठी, पंडित कृष्णकुमार शुक्ला, पंडित रोहित भार्गव, गजेंद्र सिंह गुरदास, पंडित नर्मदा दास, पंडित संजय मिश्रा, पंडित संजय शर्मा, पंडित पराग शर्मा, सद्भव तिवारी, सोमनाथ शर्मा, पंडित शशांक तिवारी एवं दिनेश महाराज, अलखनिरंजन दास , राधे महाराज का सम्मान किया गया। साथ ही शिक्षकों का भी सम्मान इस दौरान किया गया।

