

नर्मदापुरम / केसला / महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार एवं उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरौटा में विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय कुमार जैन, महिला एवं बाल विकास विभाग नर्मदापुरम के मार्गदर्शन तथा परियोजना अधिकारी श्री योगेश घाघरे, परियोजना केसला के निर्देशन में आयोजित शिविर में सेक्टर पथरौटा-01 एवं पथरौटा-02 के चिन्हित कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में चिकित्सक डॉ. विवेक वर्मा ने कुल 42 बच्चों की विस्तृत स्वास्थ्य जांच की। इनमें 8 बच्चे अति गंभीर कुपोषण (SAM), 31 बच्चे मध्यम कुपोषण (MAM) तथा 3 बच्चे अति कम वजन वाले पाए गए।
जांच के दौरान गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित बच्चों को बेहतर उपचार के लिए तत्काल रेफर किया गया। हाइड्रोसिफलस से पीड़ित बालक कुणाल तथा हृदय रोग से पीड़ित बालक ओम को समर्पण केंद्र रेफर किया गया। वहीं अन्य चिन्हित SAM बच्चों को आवश्यक उपचार एवं पोषण पुनर्वास के लिए NRC में भर्ती हेतु रेफर किया गया।
स्वास्थ्य जांच के बाद बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुसार आयरन सिरप, मल्टीविटामिन, अमॉक्सीसिलिन एवं एल्बेंडाजोल जैसी आवश्यक औषधियों का वितरण किया गया। शिविर के दौरान बच्चों के स्वास्थ्य, वजन एवं वृद्धि की नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर दिया गया।
सेक्टर पर्यवेक्षक सुश्री चेतना ढिवरे एवं सुश्री कंचन सदेले ने संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों के वजन एवं वृद्धि की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही उपस्थित बच्चों की माताओं को उचित पोषण, स्वच्छता एवं बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कहा गया कि कुपोषण की रोकथाम और बच्चों के समग्र स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग का प्रयास है कि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार, पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
शिविर के सफल आयोजन में संबंधित एएनएम दीप्ति मेहतो, नीतू चौरे एवं प्रियंका वर्मा सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता रूपा महाला, कीर्ति महाला, सरला चौधरी, चंद्रकला उईके, वंदना परते, शर्मिला इवने एवं दुर्गा मेहरा ने आवश्यक सहयोग प्रदान किया।

