दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।
शहर की भारतीय स्टेट बैंक, मुख्य शाखा में पेंशनर्स मीट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पेंशनर्स एसोसिएशन के दिनेश चतुर्वेदी, भारत पेंशन समाज के प्रभात पांडे, वरिष्ठ शिक्षाविद् एल.एन. शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य पेंशनरों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक की क्षेत्र प्रबंधक श्रीमती नेहा चौकले ने भी सहभागिता करते हुए पेंशनर ग्राहकों से संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को जाना। उन्होंने बैंक द्वारा पेंशनरों के लिए उपलब्ध विभिन्न सुविधाओं एवं सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आग्रह किया। पेंशनर्स मीट के दौरान विभिन्न वित्तीय उत्पादों, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं, साइबर जागरूकता, ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तथा पेंशन से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान के संबंध में विस्तृत जानकारी एवं चर्चा की गई। बैंक अधिकारियों द्वारा पेंशनरों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं सुविधाजनक तरीके से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया तथा साइबर अपराधों से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य पेंशनर ग्राहकों के साथ बैंक के संबंधों को और अधिक मजबूत करना तथा उन्हें सुरक्षित करना है।

