दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम ।
पिपरिया-पचमढ़ी मार्ग पर मोहगांव के समीप एक यात्री बस और स्विफ्ट डिजायर कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जबकि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कुल 26 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से 14 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के उपरांत नर्मदापुरम रेफर किया गया है। हादसे मे अत्यधिक ओवरलोडिंग दुर्घटनाग्रस्त बस (एमपी 05 पी 0282) 32 सीटर क्षमता की थी, जिसमें नियमों की अनदेखी करते हुए लगभग 65 यात्रियों को बैठाया गया था। घटनास्थल यह हादसा पिपरिया से करीब 18 किमी दूर 11 मील मोहगांव के पास हुआ। शाम लगभग 7 बजे पिपरिया से निकली बस की रफ्तार तेज थी, जो करीब 7:30 बजे विपरीत दिशा से आ रही कार से सीधे टकरा गई। संकीर्ण मार्ग बना कारण तेज गति के साथ-साथ मार्ग का संकरा होना भी दुर्घटना की अहम वजह माना जा रहा है। कार चालक की हालत नाजुक कार में सवार चालक पचमढ़ी एसबीआई शाखा के कैशियर श्वेतांक, पिता हरिनारायण के हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर हुआ है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद नर्मदापुरम और फिर भोपाल रेफर किया गया। अन्य घायल बस में सवार 25 यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों में पचमढ़ी, जबलपुर, गाडरवाड़ा और केसला क्षेत्र के सुमित, सुलेखा, ललिता, संजीव, छोटेलाल, रज्जोबाई, पुरुषोत्तम, त्रिवेणी बाई, धीरेंद्र सिंह और कुंतीबाई सहित कई बच्चे व बुजुर्ग शामिल हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया तथा मार्ग को सुचारू कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

