
नर्मदापुरम / महान हॉकी खिलाड़ी एवं हॉकी के जादूगर कहे जाने वाले मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, नर्मदापुरम में उत्साह एवं उमंग के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, शारीरिक फिटनेस तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन एवं देश के लिए उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम खेल प्रभारी रविशंकर मिश्रा ने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर भारतीय हॉकी को विश्व स्तर पर गौरव दिलाया। उनका जीवन आज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। राष्ट्रीय खेल दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेल एवं शारीरिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, अनुशासन एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली।
कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनका शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। नियमित खेल एवं व्यायाम से व्यक्ति स्वस्थ रहने के साथ-साथ तनावमुक्त एवं सकारात्मक जीवन जी सकता है।
महाविद्यालय परिवार की ओर से डॉ. संजय गार्गव ने विद्यार्थियों को खेलों में निरंतर भाग लेने तथा “फिट इंडिया” के संदेश को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

