
नर्मदापुरम / कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने गुरुवार को वृद्धजन पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में साफ-सफाई, व्यवस्थाओं एवं सौंदर्यीकरण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कलेक्टर ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी वैभव देशमुख को निर्देशित किया कि वृद्धजन पार्क के रीडेवलपमेंट एवं सुधार कार्यों के लिए विस्तृत डीपीआर तैयार की जाए। उन्होंने पार्क में व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं के विस्तार के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए। इस कार्य में पीडब्ल्यूडी एवं खेल विभाग के अधिकारियों को भी सम्मिलित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पार्क के पाथवे, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं में सुधारात्मक कार्य किए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि वृद्धजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पार्क के पाथवे की साफ-सफाई एवं नियमित रखरखाव का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान पार्क में उपस्थित वृद्धजनों से भी संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। उन्होंने सीएमओ को निर्देशित किया कि प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की जाए।
कलेक्टर ने कहा कि वृद्धजन पार्क शहर के वरिष्ठ नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण स्थान है। यहां उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षा, प्रकाश एवं आवागमन की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि वरिष्ठजन सुविधाजनक एवं सुरक्षित वातावरण में पार्क का उपयोग कर सकें।

