



नर्मदापुरम / स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शहर देशभक्ति के रंग में रंग गया है। 15 अगस्त को लेकर शहर के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, पुलिस कार्यालयों, सामाजिक संगठनों और निजी विद्यालयों में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। तिरंगे के रंगों से सजे कार्यालय और प्रमुख चौराहे लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष साज-सज्जा की गई है। कार्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों और आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। इसी तरह शहर के प्रमुख सतरस्ता चौराहे को भी स्वतंत्रता दिवस की थीम पर सजाया गया है। सात रास्तों के इस प्रमुख चौराहे पर की गई, सजावट शहर की खूबसूरती को और बढ़ा रही है।
कोतवाली के समीप स्थित पुलिस अनुभागीय अधिकारी कार्यालय में भी देशभक्ति की भावना को दर्शाती आकर्षक सजावट की गई है। यहां तिरंगे के साथ ‘भारत माता की जय’ सहित देशभक्ति संदेशों को सजावट में शामिल किया गया है। शाम के समय रोशनी से जगमगाते ये स्थान शहरवासियों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर केवल सरकारी कार्यालय ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक संगठनों और निजी विद्यालयों में भी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। विद्यालय परिसरों में तिरंगा, देशभक्ति संदेश और स्वतंत्रता दिवस की थीम पर सजावट की गई है। शहर में जगह-जगह नजर आ रही यह सजावट राष्ट्रीय पर्व के प्रति लोगों के उत्साह और देशभक्ति की भावना को प्रदर्शित कर रही है।
15 अगस्त के पर्व से पहले नर्मदापुरम का बदला हुआ स्वरूप लोगों में उत्साह पैदा कर रहा है। तिरंगे रंगों में सजा शहर स्वतंत्रता दिवस के जश्न के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है।

