



नर्मदापुरम / विद्यार्थियों के सर्वांगीण एवं अनुभवात्मक शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल की कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने दिनांक 10/08/26 को पवारखेड़ा स्थित आईसीएआर मत्स्य पालन फार्म का ज्ञानवर्धक शैक्षिक भ्रमण किया। इस भ्रमण ने विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक जीवन के अनुभवों से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न मछली प्रजातियों, हैचरी इकाइयों एवं मत्स्य पालन तालाबों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। विशेषज्ञों एवं वैज्ञानिकों ने विद्यार्थियों को मछली प्रजनन, जल गुणवत्ता प्रबंधन, मछली आहार, तालाब प्रबंधन तथा आधुनिक मत्स्य पालन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से उत्साहपूर्वक संवाद किया, अनेक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से उन्होंने जाना कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध हमारे दैनिक जीवन, पर्यावरण, रोजगार और अर्थव्यवस्था से भी है।
विद्यार्थियों ने यह भी समझा कि आधुनिक मत्स्य पालन खाद्य सुरक्षा, रोजगार सृजन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा देश के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह शैक्षिक भ्रमण उनके लिए विज्ञान की व्यावहारिक उपयोगिता को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अनुभव रहा।
यह ज्ञानवर्धक भ्रमण सुश्री रचना तिवारी, सुश्री दीपिका वर्मा एवं नीलेश पांडे के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों के लिए यह यात्रा ज्ञान, जिज्ञासा और नए अनुभवों से भरपूर एक यादगार सीख बन गई।
प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने कहा कि ऐसे अनुभवात्मक शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता एवं व्यावहारिक ज्ञान विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

