

नर्मदापुरम / नर्मदा एजुकेशन सोसायटी कॉलेज ऑफ एजुकेशन, नर्मदापुरम में हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और तिरंगा, स्वतंत्रता दिवस तथा देशभक्ति विषय पर आकर्षक रंगोलियां एवं पोस्टर तैयार किए महाविद्यालय की छात्राओं नीलम, प्रज्ञा राजपूत, भूमि एवं वैशाली प्रजापति ने उत्साहपूर्वक रंगोली बनाकर अपनी रचनात्मकता एवं देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया। छात्राओं द्वारा तैयार की गई आकर्षक रंगोलियों में तिरंगे, भारत माता एवं राष्ट्रप्रेम से जुड़े संदेशों को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों को हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गौरव को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों के उत्साह एवं रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं दी गईं।

