


नर्मदापुरम / मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के दिशा-निर्देशानुसार, जन अभियान परिषद द्वारा चयनित नवांकुर संस्था स्मार्ट एजुकेशन हेल्थ एंड सोशल वेलफेयर सोसाइटी एवं ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों द्वारा संभाग समन्वयक कौशलेश तिवारी, जिला समन्वयक श्रीमती कोकिला चतुर्वेदी एवं ब्लॉक समन्वयक श्री नरेंद्र देशमुख के मार्गदर्शन में ग्राम रंढाल में तिरंगा यात्रा एवं नवांकुर सखी हरियाली यात्रा का आयोजन किया गया।
तिरंगा यात्रा में शासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर नवांकुर सखी हरियाली यात्रा के अंतर्गत नवांकुर सखियों को फलदार एवं छायादार पौधों का वितरण किया गया तथा ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सरपंच खुशीलाल आठनेरे, सचिव, गाँव के गणमान्य नागरिक महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे । ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष राजेश पाल ने “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा”, वृक्षारोपण एवं देशप्रेम के नारों के साथ उपस्थित जनसमुदाय को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर नवांकुर संस्था की अध्यक्ष श्रीमती अंजना स्वर्णकार ने नवांकुर सखियों को पौधों के साथ सुहाग सामग्री का वितरण किया तथा महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों द्वारा पौधारोपण कर हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सचिव श्रीमती दमयंती वर्मा ने सभी अतिथियों, ग्रामीणों, छात्र-छात्राओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
यह आयोजन देशभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण एवं महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय पहल रहा।

