

नर्मदापुरम / देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत पंडित रामलाल शर्मा कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन में “हर घर तिरंगा पखवाड़े” का भव्य शुभारंभ किया गया।
विगत वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी महाविद्यालय में स्वतंत्रता दिवस का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास और गौरव के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष यह पखवाड़ा और भी ऐतिहासिक हो गया है क्योंकि इस वर्ष हमारे राष्ट्रीय गीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं।
पिछले दिनों से महाविद्यालय का कण-कण तिरंगे के तीन रंगों – केसरिया, सफेद और हरे – से सराबोर है। विद्यार्थियों के चेहरे पर देशभक्ति का गर्व और आंखों में राष्ट्रप्रेम की चमक साफ दिखाई दे रही है।
पखवाड़े की विशेष झलकियां….
रंगोली सज्जा प्रतियोगिता…..
तिरंगे और देशभक्ति के विषयों पर विद्यार्थियों ने बनाई मनमोहक रंगोलियां।
ब्लैकबोर्ड सज्जा प्रतियोगिता…..
क्लासरूम की दीवारें बनीं देशभक्ति के संदेशों का माध्यम
सेल्फी प्वाइंट……
विद्यार्थी तिरंगे के साथ खिंचवा रहे हैं गर्व से सेल्फी।
नुक्कड़ नाटक…
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देशभक्ति पर आधारित नुक्कड़ नाटकों से गूंज रहा परिसर।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रिंस जैन ने कहा कि “इस पखवाड़े का उद्देश्य नई पीढ़ी के मन में तिरंगे के प्रति सम्मान और देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा पैदा करना है। वंदे मातरम के 150 वर्ष हमें याद दिलाते हैं कि देशभक्ति सिर्फ एक भावना नहीं, हमारी पहचान है।”
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं स्टाफ सदस्य विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ इस पखवाड़े को मना रहे हैं और संकल्प ले रहे हैं कि वे अपने-अपने घरों पर भी गर्व के साथ तिरंगा फहराएंगे।

