

नर्मदापुरम / शहर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जुमेराती द्वारा ‘विशाल तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। हाथों में लहराते राष्ट्रध्वज, देशभक्ति के गीतों की गूंज और भारत माता के जयकारों के साथ यह यात्रा निकली। इस यात्रा ने संपूर्ण क्षेत्र को राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर कर दिया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया। विद्यालय परिवार ने इस माध्यम से समाज को एकजुट होकर राष्ट्रीय पर्व मनाने और हर घर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। प्राचार्या श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया के मार्गदर्शन में कार्यक्रम हुआ। विद्यालय की छात्राओं ने अनुशासन से हाथों में तिरंगा थामे तिरंगा यात्रा में भाग लिया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं कर्मचारी भी शामिल हुए। रैली का स्थानीय नागरिकों ने छात्राओं का उत्साहवर्धन किया “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से शहर गुंजायमान हो गया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया ने समस्त छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के इस उत्कृष्ट योगदान और देशभक्ति भावना की सराहना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

