
नर्मदापुरम / भारतीय किसान संघ जिला नर्मदापुरम की बिजली संबंधी समस्याओं के निराकरण हेतु बैठक बिजली विभाग के महाप्रबंधक (एस ई) के साथ आयोजित की गई जिसमें जिले भर के सभी डिवीजन के उप महाप्रबंधक एवं सभी विद्युत सबस्टेशनों के कनिष्ठ यंत्री एवं भारतीय किसान संघ के पदाधिकरी उपस्थित उपस्थित रहे ।
वर्तमान में बिजली की अधिक आवश्यकता….
भारतीय किसान संघ के जिला सह मंत्री एवं जिला विद्युत प्रभारी रजत दुबे ने बताया की वर्तमान में किसानों के खेतों में धान की फसल लहलहा रही है, अभी बारिश होने से तो किसानों की चिंता कम हुई लेकिन अगर बारिश नहीं होने की स्थिति होगी तो किसाने के कृषि पंपों पर 10 घंटे पर्याप्त बिजली आपूर्ति बिजली विभाग द्वारा निर्वाध प्रदान की जाए ।
जले ट्रांसफार्मर एवं झुके पोल का मेंटनेंस हो….
भारतीय किसान संघ के संभागीय बिजली प्रभारी ओमप्रकाश उपाध्याय ने बताया कि किसानों के कृषि ट्रांसफार्मर जलने की स्थिति में तीन दिवस के भीतर किसानों का कृषि ट्रांसफार्मर बदलने की अत्यंत आवश्यकता होती है अगर ट्रांसफार्मर बदलने में ज्यादा समय लगेगा तो किसाने की फसले सूखने की कगार पर होगी, इसके अलावा संपूर्ण जिले भर में झुके हुए पोल एवं झूलते तारों का तय समय सीमा में मेंटेनेंस किया जाना आवश्यक है अगर मेंटेनेंस नहीं किया जाता तो बार-बार फॉल्ट एवं ट्रिपिंग की समस्याएं लगातार बनी रहेगी, इसलिए विभाग द्वारा मेंटनेंस कार्य अच्छी गुणवत्ता का किया जाए ।
भार वृद्धि गलत, वापस लें विभाग….
भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष ओंकार सिंह राजपूत ने बताया की बिना किसान की उपस्थिति के उनके खेतों में उनकी मोटरों पर भार वृद्धि के प्रकरण बनाना गलत है अगर किसान ने 5 हॉर्सपावर की मोटर अपने ट्यूबवेल में डाली है तो उसे 5 हॉर्सपावर का ही बिजली बिल विभाग द्वारा दिया जाना चाहिए लेकिन विभाग द्वारा 7 हॉर्सपावर एवं 9 हॉर्सपावर से अधिक का बिल किसान को दिया जा रहा है इसलिए विभाग द्वारा इन प्रकरणों को वापस लें । अगर प्रकरण बनाया भी जाता है तो किसान की उपस्थिति में पंचनामा तैयार करके बनाया जाए ।
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए विभाग….
भारतीय किसान संघ के संभागीय प्रचार-प्रसार प्रमुख उदय कुमार पांडे ने बताया की बिजली विभाग द्वारा ओवरलोड ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की कार्रवाई शीघ्र अति शीघ्र की जाए,जिन ट्रांसफार्मर पर अत्यधिक लोड है वहां के किसानों को स्थाई कनेक्शन प्रदान करके ट्रांसफार्मर का लोड बढ़ाना चाहिए, एवं ट्रांसफार्मरों पर डी ओ सेट लगाकर व्यवस्थित करना चाहिए । भारतीय किसान संघ ने ऐसे सभी ओव्हरलोड ट्रांसफार्मरों की सूची विभाग को दी है जिनका लोड बढ़ाया जाना है ।
ये रहे उपस्थित….
भारतीय किसान संघ एवं बिजली विभाग की बैठक में बिजली विभाग के महाप्रबंधक विनीत बागड़े, एवं सभी डिवीजन के उप महाप्रबंधक (डी ई) सभी सबस्टेशन के जे ई के अलावा भारतीय किसान संघ के संभागीय उपाध्यक्ष ओमप्रकाश उपाध्याय जिला अध्यक्ष ओंकार सिंह राजपूत, संभागीय प्रचार-प्रसार प्रमुख उदय कुमार पांडे, संभागीय प्रवक्ता शिवमोहन सिंह, जिला मंत्री शंकर सिंह पटेल, जिला सह मंत्री रजत दुबे, ललित सिंह चौहान, राजकुमार सिंह राजपूत, लखनलाल चौधरी, कृष्णपुरी गोस्वामी, संतोष लोवंशी, अलताप लोवंशी, बदामीलाल साध, सोनू ठाकुर एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे ।

