कलेक्टर ने कहा आपके द्वारा शिक्षित विद्यार्थी बनेंगे भविष्य में बनेंगे अधिकारी, वैज्ञानिक, उद्योगपति
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर में गुरु पूर्णिमा पर कलेक्टर सोमेश मिश्रा की उपस्थिति में जिले के 95 नव-नियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया। कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने नव-नियुक्त शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक बनना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि देश का भविष्य गढ़ने का दायित्व है। उन्होंने कहा आपके द्वारा शिक्षित छात्र-छात्राएं भविष्य में अधिकारी, वैज्ञानिक, उद्योगपति और समाज के जिम्मेदार नागरिक बनेंगे। इसलिए यह अत्यंत उत्तर दायित्वपूर्ण कार्य है, जिसे पूरी निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ निभाना होगा। वहीं इधर राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देश पर जिले में विकासखण्ड अकादमिक समन्वयक (बीएसी) के 16 एवं जनशिक्षक (सीएसी) के 22 कुल 38 रिक्त पदों की पूर्ति की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि पात्र अभ्यर्थियों की काउंसलिंग 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे से जिला शिक्षा केन्द्र में आयोजित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों को इसी दिन लिखित सहमति एवं आवेदन प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

