
नर्मदापुरम / प्रतिवर्ष की भाँति इस वर्ष भी सुर वाणी एवं वीणा पाणि संगीत एवं सामाजिक संस्था, नर्मदापुरम द्वारा गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माँ सरस्वती एवं गुरु पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगीत साधकों एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता कर अपने गुरुओं का पूजन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगीत गुरु पंडित राम सेवक शर्मा ने कहा कि जो शिष्य श्रद्धा एवं समर्पण भाव से गुरु का सम्मान करता है, उस पर माँ सरस्वती की विशेष कृपा होती है और वह शीघ्र ही विद्या एवं कला में पारंगत होता है।
संगीत गुरु राम परसाई ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय शास्त्रीय संगीत की साधना गुरु की सन्निधि एवं मार्गदर्शन के बिना संभव नहीं है। गुरु के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही एक श्रेष्ठ शिष्य एवं सफल कला साधक का निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम में आनंद कुमार नामदेव, सक्षम पाठक, आदित्य परसाई, आकाश जैन, विशाल सगर, विपुल समुख दीवान सहित बड़ी संख्या में शिष्यों एवं संगीत प्रेमियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में आनंद कुमार नामदेव ने सभी अतिथियों, गुरुओं एवं उपस्थित शिष्यों का आभार व्यक्त किया।

