
नर्मदापुरम / गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर नर्मदापुरम के प्रमुख अखाड़ों द्वारा पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री बजरंग व्यायाम शाला ग्वालटोली, भीलपुरा व्यायाम शाला एवं गुरुकुल व्यायाम शाला नर्मदापुरम के उस्तादों एवं पहलवानों ने एक भव्य जुलूस निकाला।
जुलूस ढोल-बाजे एवं बैंड-बाजों की मधुर ध्वनि के साथ पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ खेड़ापति हनुमानजी मंदिर पहुंचा, जहां सभी अखाड़ों के सदस्यों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कर झंडा-निशान अर्पित किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच फल-फूल एवं प्रसादी का वितरण भी किया गया।
उल्लेखनीय है कि नर्मदापुरम के समस्त अखाड़े प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा के अवसर पर खेड़ापति हनुमानजी मंदिर में एकत्र होकर अपनी भक्ति और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान प्रकट करते हैं। इस परंपरा के चलते शहर में धार्मिक आस्था, एकता एवं उल्लास का वातावरण निर्मित होता है।
यह आयोजन न केवल अखाड़ा परंपरा की समृद्धि को दर्शाता है, बल्कि युवा पीढ़ी को भी भारतीय संस्कृति एवं गुरु-शिष्य परंपरा से जोड़ने का प्रेरणादायक कार्य करता है।

