
नर्मदापुरम / शहर की सड़कों पर बस चालकों की बेलगाम रफ्तार और अनियंत्रित ड्राइविंग आम लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ रही है। ताजा मामला शहर के अति-व्यस्त पुलिस लाइन गेट चौराहे का है, जहां बुधवार को भी एक तेज रफ्तार बस चालक ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए कई लोगों की जान जोखिम में डाल दी। गनीमत यह रही कि एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार और लगातार हॉर्न, चौराहे पर मची अफरा-तफरी का माहौल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के अनुसार, यह बस रोज की तरह तय रूट पर अत्यधिक तेज गति से दौड़ती हुई आई। बस चालक पुलिस लाइन गेट के सामने से लगातार प्रेशर हॉर्न बजाते हुए अनियंत्रित तरीके से गाड़ियां ओवरटेक किया और बीच सड़क पर सवारियां उतारीं । चौराहे पर मौजूद वाहन चालक अचानक आई बस से बाल-बाल बचे। पीड़ित ने बताया कि यदि वे समय पर पीछे न हटते, तो बस उन्हें सीधी टक्कर मार देती। पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य भी सामने आया है। स्थानीय नागरिकों में पुलिस और प्रशासन की सुस्ती को लेकर भारी आक्रोश है। पीड़ितों का आरोप है कि इससे पूर्व भी इसी प्रकार की लापरवाही के कारण अनीता चौहान नाम की महिला को एक बस चालक टक्कर मारकर गिराते हुए मौके से भाग निकला था। उस समय कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। नागरिकों की मांग है कि यातायात पुलिस तुरंत उक्त बस का परमिट जांचे और चालक पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई करे।

