

नर्मदापुरम / ईशान परिसर स्थित द चैम्प्स फन स्कूल में आज गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, सम्मान एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी, प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी, उप प्राचार्य श्रीमती काकोली रॉय चौहान, स्कूल कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीय तथा एडमिन ऑफिसर श्रीमती विनीता जसलानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना के साथ हुआ। प्रार्थना उपरांत विद्यालय की शिक्षिका सुश्री स्वाति कहार ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गुरु केवल ज्ञान देने वाले शिक्षक ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा दिखाने वाले मार्गदर्शक भी होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता का भाव रखने का संदेश दिया।
इसके पश्चात विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में बताया कि गुरु पूर्णिमा आदि गुरु महर्षि वेदव्यास जी की जयंती के उपलक्ष्य में मनाई जाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व से अवगत कराया तथा कहा कि गुरु ही वह प्रकाश हैं, जो अज्ञान रूपी अंधकार को दूर कर ज्ञान का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने चातुर्मास के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को इस अवधि में अच्छे संस्कार एवं अनुशासित जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने “नमस्ते” शब्द का वास्तविक अर्थ समझाते हुए बताया कि यह केवल अभिवादन नहीं, बल्कि सामने वाले के प्रति सम्मान, विनम्रता और आदर प्रकट करने का माध्यम है।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक क्रम में विद्यार्थियों ने भावपूर्ण गुरु वंदना प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा “गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः। गुरु: साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥” गुरु श्लोक का श्रद्धापूर्वक पाठ किया गया, जिससे सम्पूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके बाद विद्यालय में गुरु सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती जूही चटर्जी, प्राचार्य डॉ. आशीष चटर्जी, उप प्राचार्य श्रीमती काकोली रॉय चौहान, स्कूल कोऑर्डिनेटर श्रीमती रीना मालवीया, एडमिन ऑफिसर श्रीमती विनीता जसलानी एवं समस्त शिक्षकों को पुष्प एवं नारियल भेंट कर उनके प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम मंच संचालन सुश्री खुशी पटेल द्वारा किया गया। कार्यक्रम प्रभारी सुश्री आकांक्षा दुबे राही । शिक्षक शिक्षिकाओं की सहायता से कार्यक्रम सफलतापूर्वक समाप्त हुआ। गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा एवं नैतिक मूल्यों को समझने तथा अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को सुदृढ़ करने वाला एक प्रेरणादायी अवसर सिद्ध हुआ।

