


नर्मदापुरम / स्प्रिंगडेल्स सीनियर सेकेंण्डरी स्कूल द्वारा विद्यालय की स्थापना के दस वर्ष पूरे होने पर स्प्रिंगडेल्स डे अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस वर्ष समारोह की थीम “एक दशक की गौरवशाली विरासत, उज्ज्वल भविष्य का वादा” (A Decade of Legacy, A Future of Promise) रही, जो विद्यालय की दस वर्षों की उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं उज्ज्वल भविष्य के संकल्प को दर्शाती है।
बृहस्पति हॉल में आयोजित कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की गरिमा डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी एवं प्राचार्य श्रीमती मोना चटर्जी ने बढ़ाई। कार्यक्रक में जनरल मैनेजर सोनल सीखी उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय की स्कूल कैप्टन अंजलि झा, वाइस कैप्टन आर्यन यादव तथा प्राइमरी विंग के नन्हे विद्यार्थियों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मनमोहक सरस्वती वंदना से हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विद्यालय के मूलमंत्र “Every Child Matters” पर आधारित एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी, जिसमें प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास, समान अवसर एवं संवेदनशील शिक्षा के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। तथा मनमोहक नृत्य के साथ कविताएं भी प्रस्तुत की गईं।
विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिकाओं श्रीमती विजया जैन, श्रीमती शीतल कंकाले एवं सुश्री बाली कड़वे ने विद्यालय की दस वर्षों की प्रेरणादायी यात्रा, उपलब्धियों एवं अविस्मरणीय स्मृतियों को साझा करते हुए विद्यालय की विकास यात्रा का सुंदर चित्र प्रस्तुत किया। वहीं छात्रा आर्या त्रिपाठी ने स्प्रिंगडेल्स में अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यालय द्वारा प्रदान किए गए संस्कार, अवसर एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति आभार व्यक्त किया।
अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में डायरेक्टर सुभाशीष चटर्जी ने विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर निरंतर अग्रसर रहने, अनुशासन, संस्कार एवं मानवीय मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सम्मान एवं कृतज्ञता स्वरूप अतिथियों को अपने हाथों से निर्मित आकर्षक कैनवास पेंटिंग, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में स्कूल कैप्टन अंजलि झा ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों तथा आयोजन को सफल बनाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
समारोह विद्यालय की दस वर्षों की गौरवशाली उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ-साथ आने वाले वर्षों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उत्कृष्ट संस्कार एवं नवाचार के माध्यम से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के संकल्प का प्रतीक बना।

