
नर्मदापुरम / जनपद पंचायत सिवनी मालवा अंतर्गत ग्राम पंचायत महुआढाना के ढाड़ीवाड़ा में सड़क के अभाव से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। बारिश के मौसम में मार्ग पूरी तरह कीचड़ और पानी से भर जाने के कारण ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द पक्की सड़क निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीण उमेश यादव और प्रदुम्न ऊइके ने बताया कि ढाड़ीवाड़ा तक जाने के लिए आज भी पक्की सड़क उपलब्ध नहीं है। बारिश होते ही पूरा रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है और जगह-जगह पानी भर जाता है। ऐसे में लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना कीचड़ और पानी से भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जिससे उनके कपड़े और किताबें खराब हो जाती हैं। बारिश के दिनों में बुजुर्ग, महिलाएं और मरीजों का आवागमन भी बेहद कठिन हो जाता है। आपातकालीन स्थिति में वाहन गांव तक नहीं पहुंच पाते, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ जाती है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी कई बार पंचायत और संबंधित अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका कहना है कि विकास के दावों के बावजूद ढाड़ीवाड़ा आज भी मूलभूत सुविधा सड़क से वंचित है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ढाड़ीवाड़ा में शीघ्र पक्की सीसी सड़क या डामरीकरण कराया जाए, ताकि बच्चों को सुरक्षित स्कूल पहुंचने का रास्ता मिल सके और ग्रामीणों को बारिश के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि सड़क जैसी मूलभूत सुविधा हर नागरिक का अधिकार है और इसे अब और अधिक समय तक नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।

