मौके पर दिया गया CPR
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
पोस्ट ऑफिस घाट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। थाना कोतवाली में सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला नदी के गहरे पानी में डूब गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत ऐक्शन लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए उप निरीक्षक दीपिका लोखंडे अपने स्टाफ आरक्षक हरीश और आरक्षक पंकेश के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। साथ ही, आपातकालीन सेवा डायल 112 पर तैनात स्टाफ प्रधान आरक्षक राकेश और उनके पायलट ने भी बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिसकर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए नदी में डूब रही युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। पानी से बाहर निकाले जाने के समय महिला पूरी तरह अचेत हो चुकी थी। तैनात स्टाफ ने मौके पर ही महिला को तत्काल सीपीआर देना शुरू किया। पुलिस टीम के इस त्वरित प्राथमिक उपचार के प्रयास सफल रहे और अचेत महिला को होश आ गया। इसके तुरंत बाद, महिला को बेहतर और पूर्ण उपचार के लिए डायल 112 वाहन की मदद से जिला अस्पताल नर्मदापुरम रवाना किया गया। पुलिस और डायल 112 टीम की इस त्वरित कार्रवाई और जीवन रक्षक सूझबूझ की स्थानीय नागरिकों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।

