सीईई का रिजल्ट घोषित
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा मध्य प्रदेश के 15 जिलों के युवाओं के लिए अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त 2026 तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल में आयोजित होगी। इस रैली में मध्य प्रदेश के निम्न 15 जिलों के पुरुष उम्मीदवार भाग ले सकते हैं जिसमें अशोकनगर, भोपाल, बैतूल, छिंदवाड़ा, दमोह, गुना,हरदा, नर्मदापुरम,नरसिंहपुर, पन्ना, पांढुर्ना, रायसेन, राजगढ़, सीहोर और विदिशा शामिल है। इन जिलों के लिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेड्समैन पदों पर भर्ती होगी। इसके साथ ही मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के उम्मीदवारों के लिए धर्म गुरु और एजुकेशन हवलदार की भर्ती रैली भी इसी दौरान आयोजित की जाएगी।
CEE का रिजल्ट जारी, प्रवेश पत्र 13 जुलाई से
सेना द्वारा 1 जून से 12 जून 2026 तक ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा CEE का आयोजन किया गया था। इसका परिणाम 12 जुलाई 2026 को भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट www joinindianarmy.nic.in पर अपलोड कर दिया गया है। ऑनलाइन परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थी ही शारीरिक दक्षता परीक्षा सहित अन्य भर्ती प्रक्रियाओं में शामिल हो सकेंगे। रैली में शामिल होने वाले योग्य अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 13 जुलाई से उनके रजिस्टर्ड ई-मेल पर भेजे जाएंगे। प्रवेश पत्र पर अंकित तिथि और समय के अनुसार ही अभ्यर्थियों को रैली स्थल पर प्रवेश मिलेगा। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार अभ्यर्थियों को रैली के दिन प्रवेश पत्र, सभी दस्तावेज रैली अधिसूचना के अनुसार, आधार कार्ड से लिंक मोबाइल नंबर एवं इंटरनेट कनेक्शन वाला स्मार्ट मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य है।

