विजेता टीम करेगी राज्य स्तर पर जिले का प्रतिनिधित्व
अभ्यर्थी 25 जुलाई तक करें पंजीयन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदेश के विद्यार्थियों में पर्यटन, इतिहास, संस्कृति एवं विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2026 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के नियमित विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यालय 25 जुलाई को शाम 5:30 बजे तक अपनी टीम का पंजीयन करा सकते हैं।
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय से तीन विद्यार्थियों की एक टीम प्रतियोगिता में भाग लेगी। पंजीयन की प्रक्रिया 1 जुलाई से 25 जुलाई तक संचालित रहेगी। विद्यालयों के प्राचार्य अथवा अधिकृत शिक्षक मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.tourism.mp.gov.in पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से अपनी टीम का ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 7 अगस्त 2026 को आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में लिखित परीक्षा होगी, जिसके आधार पर चयनित शीर्ष छह टीमें ऑडियो-विजुअल एवं मल्टीमीडिया राउंड में भाग लेंगी। जिला स्तर पर विजेता टीम को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त होगा। मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक पर्यटन स्थलों एवं पर्यटन की विविध संभावनाओं से परिचित कराना है। बोर्ड ने सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि नई पीढ़ी प्रदेश की गौरवशाली पर्यटन विरासत, इतिहास और संस्कृति से जुड़ सके।

