जल्दी सौ फीसदी मूंग खरीदें नहीं तो होगा उग्र आंदोलन
निर्णय नहीं हुआ तो सुसाइड जैसा कदम उठाने को मजबूर
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदा पुरम।
शहर के पीपल चौक पर भारतीय किसान संघ के तत्वावधान में किसानों का अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन आठवें दिन जारी रहा । पिछले सोमवार को शुरू हुआ यह प्रदर्शन चल रहा है। प्रतिदिन किसान अलग-अलग तरीके से अपना विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को अनिश्चितकालीन धरना स्थल से कलेक्ट्रेट गेट तक काली पट्टी बांध कर अर्धनग्न अवस्था में कलेक्ट्रेट को घेरा । मुख्य गेट पर जमकर नारेबाजी की। जल्द निर्णय नहीं हुआ तो सुसाइड जैसी जानकारी भी मिलेगी । किसान अब यह कदम भी उठाने पर मजबूर होगा। इस दौरान किसानों ने कहा कि प्रति एकड़ 5 कुंतल मूंग खरीदी का आदेश शीघ्र जारी करें। यदि ऐसा नहीं हुआ तो विरोध प्रदर्शन नियमित जारी रहेगा और उग्र आंदोलन होगा। गौरतलब है कि किसान भजन कीर्तन , थाली बजाकर , जल सत्याग्रह, भैंस के आगे बीन बजाना पुतला दहन सहित अन्य माध्यम से शासन प्रशासन को जगा रहे हैं। कुंभकर्णी नींद में सो रहे शासन प्रशासन को जगाने के लिए थाली बजाकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया था । लेकिन शासन प्रशासन फिर भी नहीं जागा, आंदोलन में बनखेड़ी, सिवनी मालवा, शिवपुर, माखन नगर, सुहागपुर, सहित अन्य तहसील के किस पहुंच रहे हैं । धरने के आठवें दिन जोरदार प्रदर्शन किया गया। धरना स्थल पर बारी-बारी से अलग-अलग तहसील और विकासखंड से किसान पहुंच रहे हैं और नारेबाजी कर रहे हैं। प्रशासन तेरी नहीं चलेगी तानाशाही, किसान शक्ति जिंदाबाद सहित अनेक नारे गूंज रहे हैं। मूंग खरीदी सहित किसान अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को धरना स्थल पर जमकर नारेबाजी से पंडाल गूंजा । इसके पहले किसानों ने सरकार की सद्बुद्धि के लिए आहुति छोड़ी थी। किसानों का कहना है कि मूंग की सौ खरीदी, यूरिया की उपलब्धता सहित सभी सुविधाएं किसानों को मिले इसको लेकर किसान चरणबद्ध आंदोलन कर रहे हैं । सोमवार को कलेक्ट्रेट गेट पर जमकर नारेबाजी करते हुए किसानों ने कहा कि हम यहां पर अपने परिवार को छोड़कर पड़े हुए हैं। रात को मच्छर काट रहे हैं, हम खाना बना रहे हैं लेकिन शासन प्रशासन के कान में जूं नहीं रेंग रही है। किसानों ने कहा कि लगातार उनका प्रदर्शन चलता रहेगा।

