दो आरोपी गिरफ्तार
8 कंप्यूटर सिस्टम, 8 लैपटॉप सहित लगभग 11 लाख का मशरूका बरामद
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर के रिवर व्यू कॉलोनी में विगत दिवस बदमाशों ने एक घर से कंप्यूटर, लैपटॉप और कीमती घड़ी सहित 11 लाख के सामान पर हाथ साफ कर दिया था । एसपी , एएसपी और एसडीओपी के निर्देशन में थाना प्रभारी ने टीम बनाकर 72 घंटे में चोरी का पर्दाफाश कर दिया और दो बदमाशों को गिरफ्तार कर माल बरामद किया । इसके साथ ही कई चोरियों का भी खुलासा किया गया। इसको लेकर रविवार को पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा, एएसपी अभिषेक राजन , एसडीओपी जितेंद्र पाठक और थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने पत्रकार वार्ता कर इसकी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि बदमाशों को सभी चीज की जानकारी थी और अलग-अलग जगह से उन्हें गिरफ्तार किया गया है । पुलिस टीम को 10 हजार रुपए देने की घोषणा की गई। इसके अलावा कई चोरियों का खुलासा भी पुलिस ने किया है।
यह था पूरा मामला
8 जुलाई को फरियादी कपिल शर्मा निवासी रिवर व्यू कॉलोनी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे 5 जुलाई को अपने निवास पर ताला लगाकर जयपुर गए थे। वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि अज्ञात व्यक्ति घर का ताला तोड़कर 9 लैपटॉप, 10 कंप्यूटर सिस्टम, राडो कंपनी की घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ एवं अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। रिपोर्ट के आधार पर थाना कोतवाली में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
ऐसे आरोपियों तक पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर की सूचना, तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्यों तथा वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फरियादी के कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से पूछताछ की। बैंक खातों एवं अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया।पूछताछ में उसने बताया कि चोरी किए गए 7 कंप्यूटर सिस्टम एवं 5 लैपटॉप अपने परिचित आफताब खान, निवासी खजराना इंदौर को बेच दिए थे, जबकि शेष 4 कंप्यूटर सिस्टम, 4 लैपटॉप, विदेशी कंपनी राडो की कीमती घड़ी,एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर सहित अन्य सामान अपने घर में छिपाकर रखा था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद कर लिया। आरोपी वाजिद गुफरान सिद्दीकी, निवासी जहांगीराबाद, भोपाल वर्तमान पता अग्निहोत्री कॉलोनी, नर्मदापुरम और आफताब खान निवासी खजराना, इंदौर को अरेस्ट किया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में सउनि संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक पंकेश बघेला, अविनाशी हारोडे, अजमेश चंद्रोल,हरीश डिगरसे, भिक्कू यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
पिपरिया में भी चोरी के चोरी के आरोपी को किया गिरफ्तार
वहीं स्टेशन रोड पिपरिया थाने के अपराध क्रमांक 234/ 26 धारा 303(2 ) बीएनएस में अज्ञात द्वारा धक्का मार कर कंधे पर टंगे बैग के जेब से 5500चोरी करने की घटना में आरोपी नैना पिता जगदीश पारधी उम्र 19 साल निवासी जमनी टोला थाना सोहागपुर को गिरफ्तार करने एवं मशरुका बरामद करने में सफलता प्राप्त की है।

