पुलिस के तकनीकी अधिकारी ने रचा नया कीर्तिमान
जिला बल में हुआ चयन
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में तकनीकी शाखा में पदस्थ सहायक उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल ने मध्य प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिला बल में चयन प्राप्त किया है। उन्होंने अपनी श्रेणी में प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर न केवल नर्मदापुरम पुलिस, बल्कि अपने गृह जिला नरसिंहपुर का भी नाम गौरवान्वित किया है। मूलतः तेंदूखेड़ा, जिला नरसिंहपुर निवासी अभिषेक पटेल, श्री डालचंद पटेल एवं श्रीमती हेमलता पटेल के सुपुत्र हैं। उन्होंने अपने पुलिस सेवा के सफर की शुरुआत मध्य प्रदेश पुलिस में आरक्षक के रूप में की। लगभग एक वर्ष की सेवा के बाद प्रतियोगी परीक्षा उत्तीर्ण कर मध्य प्रदेश पुलिस की तकनीकी शाखा में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर चयनित हुए और वर्तमान में पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नर्मदापुरम में पदस्थ हैं। सेवा के साथ-साथ उन्होंने निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम जारी रखा । अभिषेक पटेल ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं परिवार के निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग को दिया। वहीं एसपी ऑफिस नर्मदापुरम में पदस्थ आर राजेंद्र हजारे का भी चयन सब इंस्पेक्टर के पद पर हुआ है। इनकी इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय, नर्मदापुरम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित शुभचिंतकों ने शुभकामनाएं दीं।

