जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड पर आयोजित हुआ सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम
राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु ने किया योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आग्रह
पीएम मोदी ने प्राचीन ऋषि परंपरा का परिचय विश्व से कराया
नर्मदा पुरम।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर देश सहित मध्यप्रदेश की छटा योग के रंग में रंगी दिखाई दी। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु, राज्यपाल मंगु भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर के गैरीसन ग्राउंड पर आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी ने योगाभ्यास किया और योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने, निरोग, स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु और राज्यपाल पटेल को प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया। इस मौके पर राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि आज हम यहां भारत की उस महान परंपरा का उत्सव मना रहे हैं, जिसने मानवता को स्वस्थ, संतुलित और सार्थक जीवन का मार्ग दिखाया। योग विश्व समुदाय को हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य उपहार है। यह हमारे ऋषियों और मुनियों की हजारों वर्षों की साधना का परिणाम है। योग शब्द का शाब्दिक अर्थ है जोड़ना। ये व्यक्ति को स्वयं से, समाज को प्रकृति से और संपूर्ण मानवता को व्यापक विश्व चेतना से जोड़ने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज जब विश्व अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तो योग मानवता को शांति, संतुलन, समरसता और सामूहिक कल्याण का मार्ग दिखाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
30 मिनट का योगाभ्यास लाता है सकारात्मक बदलाव
राज्यपाल मंगु भाई पटेल ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ बनाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि यह संपूर्ण जीवन को संतुलित, सरल और आनंद मयी बनाने की पद्धति है। भारतीय ज्ञान परंपरा ने स्वस्थ जीवन का जो मार्ग दिखाया था। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस दुनियाभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम -योगा फॉर हेल्दी एजिंग है। योग दिवस वैश्विक शांति और वैश्विक कल्याण को बढ़ावा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के सफलतम 12 वर्ष पूर्ण होने पर यह सुखद संयोग बना है। इस वर्ष राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक नगरी कोलकाता से किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने योग को बनाया आंदोलन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा, हमारी आध्यात्मिक चेतना और समृद्ध सनातन संस्कृति का वैश्विक पटल पर परिचय कराया है। जब 2014 में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्व योग दिवस का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र सभा में रखा तो 175 से ज्यादा देशों ने इसका ऐतिहासिक समर्थन किया था। इस वर्ष सामूहिक योग सत्रों में करीब 30 से 35 करोड़ लोग शामिल हो रहे हैं।

