
नर्मदापुरम / भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में आज हर्णें गली (वार्ड नं. 1) स्थित नवनिर्मित संवाद कार्यालय’ का गरिमामय माहौल में उद्घाटन हुआ। पत्र क्रमांक 124 के तहत जारी इस कार्यक्रम में क्षेत्र के दिग्गज राजनेताओं और जनप्रतिधियों ने शिरकत की और जनता से सीधे जुड़ने के इस अभिनव प्रयास की सराहना की।
संवाद ही सफलता की कुंजी – पंकज जोशी……..
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं खादी ग्रामोद्योग के चेयरमैन पंकज जोशी ने अपने संबोधन में ‘संवाद’ के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, “किसी भी समस्या का अंतिम और सटीक हल केवल सकारात्मक संवाद और विस्तृत चर्चा के उपरांत ही संभव है। इतिहास इस बात का गवाह है कि दुनिया की बड़ी से बड़ी और पेचीदा समस्याओं का समाधान भी आखिरकार संवाद के माध्यम से ही सफलतापूर्वक निकाला गया है।”
जनहित में मील का पत्थर साबित होगा कार्यालय – सांसद दर्शन सिंह चौधरी…….
क्षेत्रीय सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने इस पहल को जनता के लिए समर्पित बताते हुए कहा कि जनहित को ध्यान में रखकर खोला गया यह ‘संवाद कार्यालय’ आम जनता की रोजमर्रा की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित निराकरण में एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करेगा।
दिवंगत नेता स्व. मधुकर हर्णें को दी गई श्रद्धांजलि……
इस भावुक क्षण पर राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने भाजपा के वरिष्ठ नेता स्व. मधुकर हर्णें के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्व. हर्णें जी ने प्रदेश और जिले में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को मज़बूत और अजेय बनाने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। यह कार्यालय उनके विचारों को आगे बढ़ाने का काम करेगा।
भाजपा सरकार में विकास के नए आयाम -विधायक विजयपाल सिंह……
सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक विजयपाल सिंह ने सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने निरंतर जन-कल्याणकारी नीतियां लागू कर विकास के नए और ऐतिहासिक आयाम स्थापित किए हैं।
वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति……
इस उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के कई प्रमुख राजनेता और प्रशासनिक व्यक्तित्व उपस्थित रहे। जिनमें मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष, हरिशंकर जायसवाल (पूर्व विधायक), श्रीमती सविता दीवान, श्रीमती यादव नगर पालिका अध्यक्ष, माधव अग्रवाल सहित भारी संख्या में जिला पदाधिकारी एवं सम्मानित पार्षदगण शामिल रहे । स्वागत और संचालन कार्यक्रम के मुख्य आयोजक प्रसन्न मधुकर हर्णें (अध्यक्ष, स्वामी विवेकानंद युवा मंडल, नर्मदापुरम) रहे, जिन्होंने गरिमापूर्ण परंपरा का निर्वहन करते हुए मंच पर मौजूद सभी अतिथिगणों का शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया। कार्यक्रम का कुशल और प्रभावशाली मंच संचालन केशव उर्मिल द्वारा किया गया। समारोह के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों का हृदय से आभार प्रदर्शन अजय श्रीवास्तव ने व्यक्त किया।

