पिपरिया में एस आई के पद पर पदस्थ हैं श्री बट्टी
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर के समीपस्थ थाना पिपरिया में पदस्थ कार्यवाहक उपनिरीक्षक मानिक सिंह बट्टी ने अपनी सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना को टालते हुए दो व्यक्तियों की जान बचाई। उनके इस मानवीय और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है । 29 मई को एस आई मानिक सिंह बट्टी ग्राम खापरखेड़ा से एक मामले की तस्दीक कर वापस लौट रहे थे। ग्राम झील पिपरिया के आगे मेन रोड के किनारे उन्होंने देखा कि कंटीली झाड़ियों में एक मोटरसाइकिल और दो व्यक्ति बुरी तरह फंसे हुए हैं और तड़प रहे हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए श्री बट्टी ने तुरंत अपना वाहन रोका। उन्होंने राहगीरों की मदद से दोनों घायल व्यक्तियों को बड़ी मशक्कत के बाद कंटीली झाड़ियों से सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों की पहचान कल्लू ठाकुर (38 वर्ष) और साबिर अली (60 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम खापरखेड़ा के रूप में हुई। दोनों घायलों को इलाज के लिए तत्काल सिविल अस्पताल पिपरिया पहुंचाया, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी और उनकी जान बच गई। ड्यूटी के दौरान उत्कृष्ट कार्यप्रणाली, संवेदनशीलता और आम जनमानस के प्रति समर्पण भाव दिखाते हुए पुलिस विभाग की छवि को गौरवान्वित करने वाले इस कार्य के लिए श्री बट्टी को पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान करते सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

