टॉप रैंक हासिल करने वाले विभागों को दिए प्रमाण पत्र
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम ।
कलेक्टर सोमेश मिश्रा द्वारा सीएम हेल्पलाइन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर टॉप 5 एवं टॉप 10 में स्थान प्राप्त करने तथा 90 प्रतिशत से अधिक वेटेज स्कोर अर्जित करने वाले विभागों के जिला अधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण के लिए उनकी प्रशंसा की। प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर तथा कुल 100 प्रतिशत वेटेज स्कोर प्राप्त करने पर नापतोल विभाग के निरीक्षक श्री सलिल ल्यूक, लोक सेवा प्रबंधन विभाग के जिला प्रबंधक श्री आनंद झेरवार तथा सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के जिला प्रबंधक संदीप चौरसिया को कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार पशुपालन विभाग के उपसंचालक डॉ. शैलेंद्र नेमा को प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान एवं 92.35 प्रतिशत वेटेज स्कोर प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री अनुराग सिंह को प्रदेश स्तर पर छठवां स्थान प्राप्त करने एवं 90 प्रतिशत वेटेज स्कोर तथा श्रम विभाग की श्रीमती वर्षा इरपाचे को आठवां स्थान प्राप्त करने एवं 90.13 वेटेज स्कोर प्राप्त करने पर प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की।

