कुल 38 लाख 47 हजार की पकड़ी अवैध देसी और अंग्रेजी शराब
42 लाख 15 हजार के वाहन हुए जप्त
एसपी, एएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों की प्रभावी कार्यवाही
आगे भी निरंतर होगी ताबड़तोड़ कार्रवाई
दयाराम फौजदार रिपोर्टर राज एक्सप्रेस नर्मदापुरम।
शहर सहित जिले भर में पुलिस कप्तान साईं कृष्णा की अवैध शराब पर ताबड़तोड़ कार्रवाई से शराब माफिया में हड़कंप मच गया है। एसपी के निर्देश पर अवैध शराब विक्रेताओं पर नकेल कसना शुरू हो गया है। जिले भर में अवैध शराब की धरपकड़ से शराब माफिया भूमिगत हो गए हैं। एसपी साईं कृष्णा , एएसपी अभिषेक राजन और एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारियों द्वारा टीम बनाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस अभियान से अवैध शराब माफिया से शराब जब्त तो की ही गई साथ ही ढाबों और होटलों के लाइसेंस निरस्तीकरण सहित वाहनों की जप्ती और अवैध शराब माफिया को पड़कर उन पर कार्यवाही भी की गई। पुलिस कप्तान द्वारा आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।नर्मदापुरम पुलिस द्वारा अवैध शराब विक्रय एवं परिवहन करने वालों के विरुद्ध 34(2) आब. एक्ट के तहत प्रभावी कार्यवाही में 38,47,790 रु. की कुल 4,859 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब एवं 42,15,000 रु. के कुल 9 चार पहिया एवं 5 दो पहिया वाहन
जप्त किए गए।
आरोपियों पर प्रकरण दर्ज कर किए अरेस्ट
अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। नर्मदापुरम पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध 34(2) के प्रकरण पंजीबद्ध किये जा रहे है। कार्यवाही के अंतर्गत थाना इटारसी पुलिस द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 2,85,572 रु. की कुल 405 लीटर शराब, थाना बनखेडी द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 56,000 रु. की कुल 124 लीटर शराब, थाना कोतवाली पुलिस द्वारा कुल 4 प्रकरणों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1,64,400 रु. की कुल 445 लीटर शराब, थाना केसला पुलिस द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1,70,000 रु. की कुल 332 लीटर शराब, थाना पिपरिया पुलिस द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 78,600 रु. की कुल 128 लीटर शराब, थाना शिवपुर पुलिस द्वारा कुल 1 प्रकरणों में 1 आरोपी को गिरफ्तार करते हुए 35,000 रु. की कुल 68 लीटर शराब, थाना सिवनी मालवा द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 3 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 26,15,060 रु. की कुल 2659 लीटर शराब, थाना पथरौटा पुलिस द्वारा कुल 1 प्रकरण में 2 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 3,04,158 रु. की कुल 342 लीटर शराब एवं थाना देहात पुलिस द्वारा कुल 2 प्रकरणों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 1,39,000 रु. की कुल 358 लीटर शराब जब्त की गई। इस साल जनवरी से अब तक नर्मदापुरम पुलिस द्वारा धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत कुल 18 प्रकरण पंजीबद्ध कर 29 आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए 38,47,790 रु. की कुल 4,859 लीटर अवैध देशी एवं अंग्रेजी शराब एवं 42,15,000 रु. के कुल 9 चारपहिया एवं 5 दो पहिया वाहनों की जप्त की गई। इसी तारतम्य में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा होटल एवं ढाबा चेकिंग के दौरान नर्मदापुरम में संचालित काकाश्री ढाबा एवं पहलवान ढाबे पर अवैध शराब विक्रय एवं संग्रहण पाए जाने पर गुमास्ता एक्ट के तहत दोनों ढाबों के लायसेंस निरस्तिकरण हेतु पत्राचार किया गया है।

