दयाराम फौजदार रिपोर्टर नर्मदापुरम।पुलिस लाईन में जिला स्तरीय ग्राम रक्षा समिति सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिले की भौगोलिक स्थिति मेलों, त्यौहारों में सामुदायिक पुलिसिंग के आम नव पहल के रूप में पुलिस बल के साथ सक्रिय भूमिका निभाने के लिए ग्राम रक्षा समिति का गठन किया गया है। प्रथम चरण में जिले के समस्त थानों से लगभग 450 ग्राम सभा सदस्यों को इस हेतु नामांकित किया गया है जिनमें से आज लगभग 250 ग्राम रक्षा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। ये समितियां जिले के धार्मिक कार्यक्रमों, मेला-दरबारों, विवाहोत्सवों एवं विशेष आयोजनों के दौरान संभावित अपराधों पर नजर रखेंगी तथा पुलिस को तत्काल सूचना प्रदान कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायक भूमिका निभाएंगी। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साई कृष्णा ने सदस्यों को संबोधित करते हुए इन्हें पुलिस एवं जनता के मध्य सेतु के रूप में सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों की सक्रियता से जिला अपराध मुक्त बनेगा। कलेक्टर नर्मदापुरम सोमेश मिश्रा ने अपने संबोधन में पुलिस के साथ सक्रिय योगदान एवं भागीदारी सुनिश्चित करने तथा बल की कमी को पूरा करने हेतु निर्देशित किया। अति. पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम अभिषेक राजन ने सदस्यों को उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों का सुचारू निर्वहन करने के निर्देश दिए। उक्त कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) नर्मदापुरम जितेन्द्र पाठक, रक्षित निरी. श्रीमति स्नेहा चंदेल, सूबेदार सूरज जमरा सहित सूबेदार ईशान रिछारिया भी उपस्थित रहे । कार्यक्रम का सफल आयोजन रक्षित निरीक्षक नर्मदापुरम श्रीमति स्नेहा चंदेल द्वारा किया गया।

