नर्मदापुरम / शासकीय विधि महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. कल्पना भारद्वाज के मार्गदर्शन में एवं महाविद्यालय के विधिक सेवा प्रकोष्ठ के संयोजक डा. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में ग्राम रोहना में एक दिवसीय विधिक सहायता शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को उनके विधिक अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों द्वारा एक जागरूकता रैली निकाली गई, जिसने पूरे ग्राम में भ्रमण कर आमजन को विधिक साक्षरता का संदेश दिया। रैली के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला अधिकार, बाल संरक्षण, उपभोक्ता अधिकार एवं विभिन्न सामाजिक कानूनों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके पश्चात जनसंपर्क एवं घर-घर संपर्क अभियान चलाकर ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया गया तथा उनकी विधिक समस्याओं को समझने का प्रयास किया गया। शिविर में विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड नाटक में जागरूकता गतिविधियाँ (विधिक अधिकार) एवं प्रेरक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिससे ग्रामवासियों में विधिक चेतना का प्रभावी संचार हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय से डा. हरिप्रकाश मिश्रा तथा छात्र-छात्राओं में कविता राजपूत, जुगल किशोर एवं बुलबुल की विशेष सक्रिय सहभागिता रही। इनके साथ अनेक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि वे किस प्रकार निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त कर सकते हैं तथा न्याय तक उनकी पहुँच सुनिश्चित करने के लिए शासन द्वारा कौन-कौन से प्रावधान किए गए हैं।

